Dynamite Exclusive: वीरान पड़ा सैफई रेलवे स्टेशन, खंडहर में तब्दील सुविधाएं, यात्रियों ने जताई नाराजगी

सैफई के वीआईपी क्षेत्र का सैफई रेलवे स्टेशन इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर सुर्खियों में है। डाइनामाइट न्यूज की ग्राउंड रिपोर्ट में स्टेशन परिसर खंडहर की तरह वीरान और गंदगी से पटा मिला। कर्मचारियों की अनुपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण यहां आने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Updated : 13 June 2026, 6:58 PM IST
google-preferred

Etawah : उत्तर प्रदेश की राजनीति और चिकित्सा सुविधाओं के चलते अक्सर चर्चा में रहने वाला सैफई इस बार अपने रेलवे स्टेशन की बदहाल तस्वीरों को लेकर सुर्खियों में है। डाइनामाइट न्यूज की टीम ने शनिवार को सैफई रेलवे स्टेशन का दौरा किया, जहां हालात किसी वीरान पड़े खंडहर से कम नहीं दिखे।

खंडहर में तब्दील हो रहे कक्ष

स्टेशन परिसर में चारों ओर गंदगी के बड़े-बड़े ढेर पड़े मिले। प्लेटफॉर्म और आसपास की खाली जगहों में खड़े खारपतवार इस बात की गवाही दे रहे थे कि लंबे समय से यहां साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए अधिकांश कक्ष जर्जर अवस्था में मिले। कई कमरों की खिड़कियां टूटी हुई थीं, जबकि फर्श पर जानवरों की गंदगी बिखरी पड़ी थी। स्टेशन परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ था और कहीं भी रेलवे कर्मियों की मौजूदगी नजर नहीं आई।

लायन सफारी आए पर्यटक ने बयां किया दर्द

डाइनामाइट न्यूज की टीम को मौके पर कानपुर से आए एक यात्री भी मिले। उन्होंने बताया कि वह इटावा स्थित लायन सफारी घूमने आए थे। वापसी के लिए उन्होंने सैफई रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने का निर्णय लिया, लेकिन यहां पहुंचकर उन्हें निराशा हाथ लगी।

Etawah: “आलू की बात मत करो…”: किसानों के गुस्से के पीछे क्या है असली वजह?

यात्री ने कहा, "मैंने सोचा था कि स्टेशन पर ट्रेन और सुविधाओं की पूरी जानकारी मिल जाएगी, लेकिन यहां मेरी मदद करने वाला कोई नहीं है। मुझे यह तक नहीं पता कि ट्रेन कितने बजे आएगी। स्टेशन की हालत देखकर मैं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा हूं।"

स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि सैफई जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र का रेलवे स्टेशन उपेक्षा का शिकार है। यात्रियों के लिए न तो पर्याप्त सूचना व्यवस्था दिखाई दी और न ही बुनियादी सुविधाएं। ऐसे में यहां आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

आखिर कब सुधरेगी मैनपुरी-इटावा रेलखंड के इस स्टेशन की सूरत?

गौरतलब है कि सैफई रेलवे स्टेशन मैनपुरी-इटावा रेलखंड पर स्थित एक छोटा स्टेशन है, जहां पहले से ही सीमित सुविधाएं उपलब्ध होने की बात विभिन्न स्रोतों में दर्ज है। अब सवाल यह है कि जब प्रदेश और देशभर से लोग सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी और लायन सफारी जैसे प्रमुख केंद्रों तक पहुंचते हैं, तो उनके स्वागत का पहला पड़ाव बने इस रेलवे स्टेशन की बदहाली पर जिम्मेदार विभाग कब ध्यान देगा। यात्रियों को आखिर कब साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुविधायुक्त स्टेशन मिल पाएगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

Location :  Etawah

Published :  13 June 2026, 6:58 PM IST

Advertisement