हिंदी
बारिश और तबाही पर सांसद डिंपल यादव का कड़ा संज्ञान (Img: X)
Mainpuri: जनपद में पिछले दिनों हुई अत्यधिक बारिश और तेज हवाओं से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर मकान और दीवारें क्षतिग्रस्त हुईं, जलभराव के कारण फसलें प्रभावित हुईं तथा विद्युत एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है।
इस संबंध में लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने जिलाधिकारी मैनपुरी को पत्र भेजकर क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराकर नियमानुसार राहत एवं अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें - अखिलेश यादव आए राहुल गांधी के घर तो अब कांग्रेस भी जाएगी डिंपल यादव के घर, भाजपा वाले अब कहां जाएंगे?
पत्र में विकासखंड मैनपुरी सदर के ग्राम सीतापुर में दीवार गिरने से शैलेंद्र कुमार और सुधीर कुमार की असामयिक मृत्यु तथा कई लोगों के घायल होने की सूचना का उल्लेख किया गया है। वहीं ग्राम लालपुर सगौनी में छत/लैंटर गिरने से महिपाल सिंह के घायल होने की बात कही गई है।
पत्र के अनुसार बेवर क्षेत्र के ग्राम नगला देवी में गाटर-पटिया गिरने से हरीर के घायल होने तथा ग्राम गोपियापुर में कच्चा मकान क्षतिग्रस्त होने से घरेलू सामान एवं खाद्यान्न के नुकसान की सूचना मिली है।
सांसद ने सुल्तानगंज क्षेत्र के ग्राम जसनपुर के पास रजवाहा पुल के निकट बेवर ब्रांच नहर की पटरी/तटबंध क्षतिग्रस्त होने से आसपास के कई गांवों के खेतों में पानी भरने की जानकारी भी दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 500 बीघा से अधिक क्षेत्रफल प्रभावित होने की सूचना पत्र में दर्ज है।
यह भी पढ़ें - खराब मौसम भी नहीं रोक पाया समर्थकों का पहुंचना, मैनपुरी में डिंपल यादव के PDA कार्यक्रम में जुटी भीड़
इसके अलावा किशनी क्षेत्र के विभिन्न गांवों, गंगासी क्षेत्र, बेवर-नवीगंज क्षेत्र और मैनपुरी के शहरी इलाकों में भी जलभराव, मकान एवं दुकानों को नुकसान तथा फसलों के प्रभावित होने की सूचनाओं का उल्लेख किया गया है।
सांसद ने विद्युत पोल, लाइन एवं अन्य विद्युत परिसंपत्तियों के क्षतिग्रस्त होने तथा ग्रामीण मार्गों, नालियों और जलनिकासी व्यवस्था को हुए नुकसान का भी जिक्र किया है। उन्होंने जिलाधिकारी से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा प्रभावित परिवारों और किसानों को नियमानुसार अनुमन्य राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
Location : Mainpuri
Published : 28 September 2026, 6:26 PM IST