हिंदी
पिता पुत्र की दर्दनाक मौत
Maharajganj: सिसवा–घुघुली मार्ग पर बौरहवा बाबा मंदिर के पास रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कोठीभार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार 18 चक्के वाले ट्रक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नगर पालिका परिषद सिसवा के अमरपुरवा मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र रौनियार (28 वर्ष) और उनके पिता राजू रौनियार (58 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हरिश्चंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया, जबकि राजू रौनियार ने सिसवा अस्पताल में अंतिम सांस ली।
Magh Mela 2026: संगम नगरी में भक्ति की अनोखी व्यवस्था, यहां रुपयों का नहीं आस्था का है बैंक
हादसे की खबर मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से सिसवा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के घर पर मातम पसरा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
Location : Maharajganj
Published : 8 February 2026, 1:30 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News Road Accident