हिंदी
युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल (Img: Dynamite News)
Purandarpur: दोस्तों के साथ चल रही एक पार्टी उस वक्त मातम में बदल गई, जब अचानक चली गोली ने 17 वर्षीय युवक की जान ले ली। गोली लगने के बाद युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के परसोहिया, मधुकरपुर में बीती शाम कुछ युवक एक साथ पार्टी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक के पास पिस्टल मौजूद थी। बातचीत और पार्टी के बीच अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली पास मौजूद 17 वर्षीय जिसान हाशमी पुत्र युसुफ हाशमी को जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग घायल युवक को इलाज के लिए ले गए।
ये भी पढ़ें- Maharajganj: पुलिस के सामने ही भिड़ गए दोनों पक्ष, कोल्हुई थाने में पारिवारिक विवाद को लेकर जमकर हाथापाई
जिसान की हालत गंभीर देखते हुए उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। इलाज के दौरान जिसान की मौत हो गई। कम उम्र के युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली आखिर किन परिस्थितियों में चली और पिस्टल किसकी थी।
ये भी पढ़ें- जिंदा इंसान है या रबर का पुतला? 180 डिग्री तक गर्दन मोड़ने के इस खतरनाक स्टंट को देख चकरा गया लोगों का सिर
पुरंदरपुर थाने के एसओ गौरव कन्नौजिया ने बताया कि दोस्त मिलकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक के पास पिस्टल थी और अचानक गोली चल गई, जिससे जिसान की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, अभी इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 18 September 2026, 11:48 AM IST