महराजगंज में दो पक्षों के बीच विवाद, तीन युवक हिरासत में

महराजगंज के नौतनवा में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची नौतनवा पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Maharajganj: जनपद के नौतनवा क्षेत्र में सिसवा उर्फ खोरिया बाजार स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मंदिर की बाउंड्री पर लगी कील उखाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और हंगामे में बदल गया। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए तीन युवकों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार को उस समय हुई जब विशाल वर्मा नामक युवक मंदिर की तरफ से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर मंदिर की बाउंड्री पर लगी उखड़ी हुई कील पर पड़ी। जब उसने इस संबंध में पूछताछ की तो दूसरे पक्ष की महिला मुनिया पत्नी करीम से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर तत्काल हरकत में आई नौतनवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शकील खान पुत्र स्वर्गीय आशिक अली, तुलसी गौड़ पुत्र धनपत गौड़ तथा राहुल पासवान पुत्र प्रमोद पासवान निवासी बेनीपुर दुर्गापुर को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस का बयान

थाना नौतनवा पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

Location :  Maharajganj

Published :  9 May 2026, 7:15 PM IST

Advertisement