हिंदी
महिलाओं को जागरूक करते हुई महिला पुलिस
Maharajganj: महराजगंज जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई मजबूती देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के नेतृत्व में ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान जोर-शोर से चलाया गया। राज्य सरकार की प्राथमिकता वाले इस अभियान को जिले में विशेष रूप से प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, दिनांक 1 दिसंबर 2025 को मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं। इस दौरान टीमों ने महिलाओं को उपलब्ध सरकारी हेल्पलाइन नंबरों, डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
थाना कोतवाली की मिशन शक्ति टीम ने अंबेडकर पार्क, बाजारों और कस्बे के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर पर्चे वितरित किए और लोगों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थितियों में तुरंत मदद लेने के लिए उपलब्ध विकल्पों के बारे में बताया। साथ ही छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने, सोशल मीडिया सुरक्षा और आत्मरक्षा के बुनियादी तरीकों के प्रति भी जागरूक किया गया।
महिलाओं से की गई बातचीत
जिलाधिकारी की रणनीति और नेतृत्व ने बदला अभियान का स्वरूप, समय पर पूरा हो रहा कार्य
इसी प्रकार, थाना बृजमनगंज की टीम ने मुख्य बाजार, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की। टीमों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस हमेशा उनकी सहायता के लिए तत्पर है और किसी भी प्रकार की परेशानी में तुरंत डायल-112 या महिला हेल्पलाइन-181 का प्रयोग करें।
जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा संवाद भी आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं को बताया गया कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास बढ़ाने, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और अपराध रोकथाम को भी लक्ष्य बनाता है।
कानूनी प्रक्रिया में बदलाव, महिला पीड़िता का बयान महिला अधिकारी से लिया जाए; वीडियोग्राफी जरूरी
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना है। उन्होंने बताया कि पुलिस न केवल सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से चलता रहेगा और इसमें और भी प्रभावी कदम शामिल किए जाएंगे।
Location : Maharajganj
Published : 1 December 2025, 1:57 PM IST
Topics : Anti Romeo Team Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Mission Shakti Sp Somendra Meena UP Police