हिंदी
महराजगंज के परसा मलिक थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से 48 किलो 686 ग्राम चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है। एक तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज।
भारत-नेपाल सीमा पर 48 किलो चरस बरामद
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा एक बार फिर मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा केंद्र बनता दिखा, लेकिन इस बार परसा मलिक थाना पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की बड़ी साजिश नाकाम कर दी। पुलिस ने एक लग्जरी कार से 48 किलो 686 ग्राम चरस बरामद कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को करारा झटका दिया है। जब्त चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कई करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से एक लग्जरी वाहन में भारी मात्रा में चरस की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए परसा मलिक पुलिस ने सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
महराजगंज में समय से पहले धान खरीद पर ब्रेक, मशीनें बंद, आक्रोशित सचिवों ने DM से की शिकायत
संदिग्ध कार को रोककर जब तलाशी ली गई तो वाहन के विभिन्न हिस्सों में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई चरस बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
परसा मलिक थाना (Img- Internet)
जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह खेप नेपाल से भारत में तस्करी कर लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाना था। लग्जरी कार का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि तस्कर जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए हाई-प्रोफाइल तरीकों का सहारा ले रहे हैं।
वहीं गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स, बैंक लेनदेन और संपर्कों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।