हिंदी
निरीक्षण करते जिलाधिकारी (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद के ऐतिहासिक कटहरा खास शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, यात्री निवास, मुख्य मंदिर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को मंदिर परिसर में लगी दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में एक शौचालय बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिला पंचायत राज अधिकारी को इसे नियमित रूप से संचालित कराने तथा पूरे परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर स्थित कंपोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय की बाउंड्री वॉल का निर्माण ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक पर्यटन अधिकारी को मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं का विस्तार करने, मंदिर के सुंदरीकरण तथा पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मंदिर के समीप स्थित अमृत सरोवर में जल की कमी पाए जाने पर उसमें पर्याप्त पानी भरवाने के निर्देश भी दिए, जिससे परिसर की प्राकृतिक सुंदरता और उपयोगिता बनी रहे।
उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तहसीलदार सदर को प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने भगवान शिव का दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक कर जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
Maharajganj: अमरूद तोड़ने से शुरू हुआ विवाद, फिर जो हुआ उसने पूरे गांव को हिला दिया
कटहरा खास शिव मंदिर जनपद का एक प्राचीन और प्रमुख आस्था केंद्र है। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को यहां आधी रात से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। परंपरा के अनुसार रात्रि 12 बजे साधु-संतों की पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए खोल दिए जाते हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी वैभव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 3 August 2026, 4:31 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Shiv Mandir Shravan Somwar Temple Inspection Tourism Development