महराजगंज ARTO ऑफिस में RTO की रेड से मचा हड़कंप, ओवरलोडिंग ‘इंट्री’ के नाम पर लाखों की कथित वसूली पर उठा सवाल

महराजगंज ARTO कार्यालय में RTO के औचक निरीक्षण के बाद परिवहन विभाग में हलचल तेज हो गई है। निचलौल हादसे के बाद हुई कार्रवाई के बीच ओवरलोड वाहनों की ‘इंट्री’ के नाम पर 35-40 लाख रुपये की कथित वसूली का आरोप सामने आया।

Maharajganj: निचलौल में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद परिवहन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है। हादसे की खबर के बाद महराजगंज पहुंचे संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन संजीव गुप्ता ने बुधवार को ARTO कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। RTO मनोज कुमार सिंह की मौजूदगी में हुए निरीक्षण के दौरान कार्यालय के कामकाज, व्यवस्थाओं और व्यवस्थागत खामियों की बारीकी से पड़ताल की गई।

कार्यालय के कामकाज का किया निरीक्षण

निरीक्षण के बाद कार्यालय के बाहर डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत करते हुए RTO संजीव गुप्ता ने बताया कि कार्यालय के कामकाज का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां मिली हैं, जिन्हें सुधारने के लिए ARTO को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यालय की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- ‘पापा बोले थे- अब नहीं सहा जाता जुल्म…’ झांसी में प्रताड़ना से टूटकर बुझ गई 55 साल की शख्स की सांसें

‘इंट्री’ के नाम पर लाखों की कथित वसूली 

RTO के निरीक्षण के दौरान ARTO कार्यालय के बाहर कथित तौर पर दलालों की सक्रियता और ओवरलोड वाहनों की इंट्री के नाम पर बड़े पैमाने पर वसूली का सवाल भी सामने आया। आरोप है कि कार्यालय के बाहर सक्रिय एक दलाल द्वारा ओवरलोडिंग वाहनों की इंट्री के नाम पर हर महीने करीब 35 से 40 लाख रुपये की कथित वसूली की जा रही है।

जब RTO संजीव गुप्ता से इस गंभीर आरोप को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किसके संरक्षण में इस तरह का कथित गोरखधंधा चल रहा है।

ये भी पढ़ें- आखिर किसके थे दो लाख? गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड से लूट के दावे पर पुलिस को शक, जांच शुरू

कार्यालय के बाहर से चल रहे खेल का जिम्मेदार कौन?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर ARTO कार्यालय के बाहर ओवरलोड वाहनों की कथित इंट्री के नाम पर वसूली का खेल चल रहा है तो इसके पीछे कौन लोग हैं और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है। RTO ने इस पहलू पर भी जांच कराने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की पड़ताल कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई की जाएगी। RTO के इस बयान के बाद परिवहन विभाग के स्थानीय अमले और कार्यालय के आसपास सक्रिय कथित दलालों में हड़कंप मच गया है।

Location :  Maharajganj

Published :  19 August 2026, 2:26 PM IST

Advertisement