आखिर किसके थे दो लाख? गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड से लूट के दावे पर पुलिस को शक, जांच शुरू

गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटने के दावे से सनसनी फैल गई। घायल गार्ड ने दो लोगों पर हमला और रकम छीनने का आरोप लगाया है। आखिर दो लाख रुपये कहां से आए और वारदात के पीछे सच क्या है?

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटने की सूचना से हड़कंप मच गया। छताई पुल के पास रिक्शा नारा मोड़ पर हुई इस घटना में 30 वर्षीय रोहन सिंह घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बाइक रोककर रुपये छीनने का दावा

रोहन सिंह खजनी क्षेत्र की एक कंबल फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड हैं। बताया गया कि रात करीब 9:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। उनके मुताबिक, रास्ते में दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और करीब दो लाख रुपये छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने गोली चला दी। गोली बाएं सीने और कंधे के बीच लगी। इसके बाद दोनों कथित आरोपी रुपये लेकर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें- Agra News: 24 घंटे में 40 ट्रेनें और ट्रैक किनारे मिले दो शव… मां-बेटी हैं या कुछ और? पुलिस खंगाल रही पूरा रिकॉर्ड

पुलिस को कुछ कड़ियां अब भी जोड़नी बाकी

घटना की जानकारी मिलते ही खजनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने अस्पताल पहुंचकर घायल से बातचीत की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

लेकिन इस मामले में कहानी अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। पुलिस दो लाख रुपये की मौजूदगी और उनके स्रोत की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक गोली चलने और रकम लूटे जाने के दावे की कई पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि मामला वास्तव में लूट का है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह छिपी है।

ये भी पढ़ें- ‘साहब! जान बचाइए, मैं तो गार्ड हूँ…’ दस हजार की सैलरी, 3 करोड़ को टैक्स नोटिस, हार्ट अटैक आते-आते बचा कर्मचारी

सीसीटीवी से खुलेगा वारदात का राज?

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और घायल के बयान को जोड़कर पूरी तस्वीर सामने लाने में जुटी है। फिलहाल छताई पुल और आसपास के इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दो लाख रुपये वाली बात और गोलीकांड की असली कहानी क्या है।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 August 2026, 1:36 PM IST

Advertisement