Agra News: 24 घंटे में 40 ट्रेनें और ट्रैक किनारे मिले दो शव… मां-बेटी हैं या कुछ और? पुलिस खंगाल रही पूरा रिकॉर्ड

आगरा के बरहन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे करीब दो किलोमीटर के दायरे में महिला और बच्ची के शव मिलने से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। दोनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस अब GRP और RPF की मदद से दिल्ली-हावड़ा रूट पर 24 घंटे के भीतर गुजरने वाली करीब 40 ट्रेनों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी तलाश की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 August 2026, 1:10 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा के बरहन इलाके में रेलवे ट्रैक के किनारे लगातार मिले महिला और बच्ची के शवों ने पुलिस की जांच को उलझा दिया है। महज 19 घंटे के अंतराल में दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन के आसपास तीन शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इनमें एक करीब 24 वर्षीय युवक, एक करीब 25 वर्षीय महिला और 10 से 11 साल की बच्ची शामिल है। हैरानी की बात यह है कि तीनों में से किसी की भी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

रेलवे रिकॉर्ड से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए रेलवे के रिकॉर्ड को अहम सुराग मान रही है। GRP और RPF की मदद से दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर शव मिलने से पहले के 24 घंटे में गुजरने वाली करीब 40 ट्रेनों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि अगर महिला और बच्ची चलती ट्रेन से गिरी हैं तो उनके सफर से जुड़ा कोई न कोई सुराग रेलवे के रिकॉर्ड या स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों से मिल सकता है। इसी वजह से संबंधित स्टेशनों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

19 घंटे में मिले तीन शव

घटनाक्रम की शुरुआत 15 अगस्त की रात करीब 8:50 बजे हुई। नगला गोकुल के पास रेलवे ट्रैक पर एक करीब 24 वर्षीय युवक मालगाड़ी के आगे कूद गया। युवक की भी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद 16 अगस्त की सुबह करीब सात बजे बरहन से मितावली के बीच दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन के किनारे करीब 25 वर्षीय महिला का शव मिला। महिला ने लाल रंग की टीशर्ट पहन रखी थी। उसके शरीर पर चेन, बालियां, अंगूठी और घड़ी भी थी। इसी दिन शाम करीब चार बजे दिल्ली-टूंडला डाउन लाइन के किनारे करीब 10 से 11 वर्ष की बच्ची का शव मिला। बच्ची ने नेकर और टीशर्ट पहन रखी थी।

आगरा में ससुराल वाले बने हैवान: विवाहिता को अवैध संबंधों के विरोध की मिली खौफनाक सजा, पहले रस्सी से बांधे हाथ-पैर और फिर…

मां-बेटी होने की आशंका

महिला और बच्ची के शवों के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी होने के कारण पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर भी देख रही है। पुलिस को आशंका है कि दोनों मां-बेटी हो सकती हैं और संभव है कि दोनों एक ही ट्रेन से सफर कर रही हों। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है जिससे यह पुष्टि हो सके कि दोनों आपस में रिश्तेदार थीं। पुलिस पहचान के लिए फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रही है और आसपास के थानों से भी जानकारी जुटा रही है।

हत्या की चर्चा के बीच पुलिस का अलग एंगल

शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि महिला और बच्ची की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंके गए होंगे। लेकिन पुलिस फिलहाल इस आशंका की पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महिला के शरीर पर पहने हुए गहने सुरक्षित मिले हैं।

यमुना के पुल पर बिलखती रही मां, पानी में डूबती रही 11 महीने की परी; आगरा में पिता की घिनौनी करतूत से सहम उठीं आंखें

सीसीटीवी और ट्रेन यात्रियों की भी जांच

पुलिस अब रेलवे के तकनीकी रिकॉर्ड के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। अगर महिला और बच्ची ट्रेन में सवार हुई थीं तो किसी स्टेशन के कैमरे में उनकी तस्वीर कैद होने की उम्मीद है। इसके अलावा आरक्षित कोचों के यात्री रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किसी ट्रेन में महिला और बच्ची एक साथ सफर कर रही थीं या नहीं।

पोस्टमार्टम के बाद तस्वीर होगी साफ

पुलिस रेलवे ट्रैक पर मिले शवों की परिस्थितियों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, रेलवे रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और गुमशुदगी के मामलों को एक साथ जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस के सामने दो प्रमुख संभावनाएं हैं। पहली यह कि महिला और बच्ची ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हुई हों। दूसरी संभावना किसी आपराधिक घटना की है, जिसे पुलिस पूरी तरह खारिज नहीं कर रही है।

Location :  Agra

Published :  19 August 2026, 1:10 PM IST

Related News

Advertisement