हिंदी
आरोपी शहीम आलम (Img: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय स्तर पर चल रहे अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.426 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई लखनऊ कमिश्नरेट के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में की गई। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई हैं। शुरुआती पूछताछ में कई बड़े खुलासे सामने आए हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि गिरोह लंबे समय से कई राज्यों में सक्रिय था।
एसटीएफ टीम ने आरोपी को राधा स्वामी सत्संग आश्रम से लखनऊ की ओर जाने वाले रास्ते पर माधवखेड़ा हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी 7 मई 2026 की रात करीब 9:20 बजे की गई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहीम आलम पुत्र अमाइल शेख निवासी नौतनवा, थाना शिकारपुर, जिला बेतिया (बिहार) के रूप में हुई है।
एसटीएफ को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अफीम की तस्करी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। इसके बाद विभिन्न टीमों को निगरानी और सूचना जुटाने के निर्देश दिए गए थे।
Akanksha Dubey केस में 3 साल बाद आएगा बड़ा फैसला, क्या CBI करेगी मामले की जांच?
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह लंबे समय से अवैध अफीम खरीदने और सप्लाई करने के धंधे में शामिल था। उसने बताया कि गिरोह उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में अफीम की सप्लाई करता था।
आरोपी के अनुसार, तस्करी का पूरा नेटवर्क बेहद गुप्त तरीके से चलाया जाता था। जिस व्यक्ति को अफीम पहुंचानी होती थी, उसकी पूरी जानकारी पहले से साझा नहीं की जाती थी। आरोपी संबंधित शहर या जिले में पहुंचता था और ग्राहक खुद उससे संपर्क करता था। उसने बताया कि अफीम की सप्लाई 6 से 7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जाती थी। लेन-देन और पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा जाता था ताकि पुलिस या एजेंसियों को भनक न लग सके।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में की गई। इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा। ऑपरेशन में उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी, देवेंद्र पाल सिंह, प्रदीप कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने काफी समय तक निगरानी करने के बाद सही मौके पर आरोपी को दबोच लिया।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। संभावना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
गोरखपुर से बड़ी खबर : घर में झगड़े के बाद युवक ने कुएं में लगाई छलांग, चला रेस्क्यू ऑपरेशन
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Location : Lucknow
Published : 8 May 2026, 10:36 AM IST