घर से निकला था और फिर नहीं लौटा… दो दिन बाद नदी में मिली लाश, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

देवरिया जिले में दो दिन से लापता एक युवक का शव छोटी गंडक नदी में मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान भाटपार रानी थाना क्षेत्र के बड़का गांव निवासी सुशील साहनी के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 May 2026, 5:20 PM IST
google-preferred

Deoria: दो दिन पहले घर से निकले एक युवक की तलाश में जुटे परिजनों की उम्मीद उस वक्त टूट गई जब सोमवार सुबह उसका शव नदी में उतराता मिला। देवरिया जिले के भाटपार रानी थाना क्षेत्र में सामने आई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। छोटी गंडक नदी में युवक का शव मिलने के बाद जहां परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजन इस मौत को सामान्य घटना मानने को तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है।

नदी में उतराता मिला शव

जानकारी के अनुसार भाटपार रानी थाना क्षेत्र के बड़का गांव निवासी 25 वर्षीय सुशील साहनी पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। सोमवार सुबह सवेरेजी पुल के पास छोटी गंडक नदी में कुछ ग्रामीणों ने एक शव उतराता देखा। नदी में शव दिखाई देने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

देवरिया में बड़ा हादसा टला! बीच सड़क पर अचानक गिरा लोहे का विज्ञापन पोल

दो दिन से लापता था युवक

परिजनों के मुताबिक सुशील साहनी दो दिन पहले घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उनकी खोजबीन लगातार जारी थी।

हत्या की आशंका जता रहे परिजन

शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। परिजन इस बात पर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर दो दिन से लापता युवक का शव नदी तक कैसे पहुंचा।

देवरिया में सात साल का रिश्ता अचानक पहुंचा थाने, फिर कोर्ट में हुआ बड़ा फैसला

पुलिस जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर फिलहाल कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

Location :  Deoria

Published :  30 May 2026, 5:20 PM IST

Advertisement