हिंदी
ज्ञापन सौंपा
Raebareli : हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। सपा का आरोप है कि भीषण गर्मी के बीच जनता अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब विद्युत व्यवस्था से परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। इसी को लेकर सपा नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
बिजली संकट पर सपा का प्रदर्शन
179 हरचंदपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी और सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुबख्शगंज स्थित विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में लगातार कटौती ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
किसानों और उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी
सपा नेताओं का कहना है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। वहीं घरों और छोटे कारोबारों में भी बिजली संकट का असर साफ दिखाई दे रहा है। लोगों को लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
रायबरेली में बकरीद पर दिखा अमन का नज़ारा, प्रशासन की सख्ती के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मना पर्व
तूफान के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान कई बिजली पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुई थीं, लेकिन उनकी मरम्मत का काम अब तक पूरी गंभीरता से नहीं किया गया। इससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित बनी हुई है। सपा नेताओं ने कहा कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याएं लंबित पड़ी रहती हैं।
स्मार्ट मीटर और गलत बिलिंग पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी ने स्मार्ट मीटरों में कथित जंपिंग की शिकायतों और गलत बिजली बिलों का मुद्दा भी उठाया। नेताओं का कहना है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता इन समस्याओं से परेशान हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
आंदोलन की चेतावनी
सपा के 10 सूत्रीय ज्ञापन में अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, नए ट्रांसफार्मर लगाने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर लाइनों के नवीनीकरण, नई बस्तियों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपकेंद्रों पर कर्मचारियों की अनिवार्य तैनाती जैसी मांगें शामिल हैं।
विधायक राहुल लोधी ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए जनता को संघर्ष करना पड़ रहा है, जो सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक व्यापक जन आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और बिजली विभाग की होगी।
Location : Raebareli
Published : 30 May 2026, 4:57 PM IST