हत्यारोपियों को एकाउंटर तक अंतिम संस्कार नहीं, शव के लिए मंगाया फ्रिज, गाजियाबाद में तनाव

गाजियाबाद के खोड़ा में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के बाद परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने का ऐलान किया है। मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जबकि पुलिस तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 30 May 2026, 5:09 PM IST
google-preferred

Ghaziabad : खोड़ा में 17 साल सूर्या चौहान की हत्या के बाद परिजनों ने यह ऐलान कर माहौल को और गर्मा दिया है। परिवार ने शव लेने से इनकार करते हुए उसे सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज तक मंगवा लिया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने और कार्रवाई में देरी से नाराज परिजन इंसाफ की मांग पर अड़े हैं। दूसरी ओर, इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

दोस्ती से दुश्मनी और फिर खून

जानकारी के मुताबिक, खोड़ा कॉलोनी निवासी सूर्या चौहान की गुरुवार को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी असद ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।

सूर्या की बहन ने बताया कि करीब आठ महीने पहले दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। किसी ने नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा।

दोस्त के साथ जा रहा था युवक, रास्ते में मिली मौत… गाजियाबाद की वारदात से सनसनी

‘जिसने मेरे बेटे को मारा, उसे भी वैसी ही सजा मिले’

बेटे की मौत से टूटी मां सरोज चौहान ने कहा कि उनका छोटा बेटा ही उनका सहारा था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह उनके बेटे की जान ली गई, वैसे ही दोषियों को भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

परिवार ने बताया कि अभी तक उन्हें न्याय मिलता नहीं दिख रहा है और इसी वजह से उन्होंने शव का अंतिम संस्कार रोकने का फैसला लिया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

गाजियाबाद पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में फरहान, आसिफ और नवाब शामिल हैं। फरहान मुख्य आरोपी असद का पिता बताया जा रहा है। हालांकि वारदात का मुख्य आरोपी असद अभी भी फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

सीसीटीवी फुटेज पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज या तो हटा दिए गए हैं या डिलीट कर दिए गए हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Location :  Ghaziabad

Published :  30 May 2026, 4:00 PM IST

Related News

Advertisement