हिंदी
SSP अनुराग आर्य ने 10 चौकी प्रभारियों को सम्मानि
Bareilly : अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर बरेली पुलिस ने अब जवाबदेही का नया मॉडल अपनाया है। जिले में बढ़ते अपराधों पर नजर रखने और पुलिसिंग को अधिक परिणाममुखी बनाने के मकसद से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी अनुराग आर्य ने अप्रैल के कार्यों की समीक्षा के बाद बड़ा फैसला लिया है। समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को सम्मानित किया गया है, जबकि अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को चेतावनी जारी की गई है।
एसएसपी कार्यालय में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में जिले की विभिन्न चौकियों के कामकाज का विस्तृत आकलन किया गया। इस दौरान जनता की शिकायतों के निस्तारण की गति, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, लंबित मामलों के निपटारे, कानून-व्यवस्था की स्थिति और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को समीक्षा का आधार बनाया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक चौकी के प्रदर्शन का तुलनात्मक अध्ययन कर उनकी रैंकिंग तय की।
समीक्षा में बारादरी थाना क्षेत्र की जोगीनवादा चौकी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। चौकी प्रभारी कुशलपाल सिंह को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सेंथल चौकी के प्रभारी सतेन्द्र कुमार दूसरे और मुड़िया चौकी के प्रभारी राजू कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा टांडा छंगा के देवेन्द्र कुमार राठी, कांकरटोला के जावेद अख्तर, बैरियर-02 के मोहित कुमार, बल्लिया के शैलेन्द्र सिंह, मॉडल टाउन के जितेन्द्र कुमार, सिविल लाइन की प्रभारी कोमल कुण्डू और कताई मिल चौकी के रजनीश कुमार को भी सम्मानित किया गया।
समीक्षा के दौरान बभिया चौकी के दीपक कुमार शर्मा, लाल फाटक के त्रिवेन्द्र कुमार, रामगंगा के प्रसून कटियार, धौरेरा के सुरेन्द्र सिंह, कुतुबखाना के अनूप सिंह, कस्बा चौकी के नितिन शर्मा, मनौना धाम के नरेन्द्र राघव, गैनी के सूरजीत सिंह, बढ़ागांव के मनोज कुमार और करगैना चौकी के राजेन्द्र सिंह सिरोही का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया। सभी को चेतावनी जारी की गई है। वहीं करगैना चौकी प्रभारी राजेन्द्र सिंह सिरोही के कार्यों को लेकर प्रारंभिक जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनसेवा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 30 May 2026, 5:49 PM IST