हिंदी
जमीन विवाद में भड़की हिंसा
Budaun : जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव में मंगलवार को जमीन पैमाइश के दौरान हालात अचानक बेकाबू हो गए। 28 साल पुराने विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और तलवारें चल गईं। इस हिंसक झड़प में दो लोग घायल हो गए, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बदायूं के मूसाझाग क्षेत्र के सैंजनी गांव में जमीन पैमाइश के दौरान बड़ा बवाल। पुलिस और राजस्व टीम के सामने लाठी-डंडे और तलवारें चलीं, 28 साल पुराने विवाद ने हिंसक रूप लिया। 2 लोग घायल, वीडियो वायरल। इलाके में तनाव, पुलिस जांच में जुटी।@budaunpolice #Budaun pic.twitter.com/66fhoBLYFZ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 9, 2026
जानकारी के मुताबिक सैंजनी गांव निवासी दलवीर सिंह ने करीब 28 साल पहले जमीन खरीदी थी, लेकिन तभी से उस जमीन को लेकर दूसरे पक्ष द्वारा लगातार आपत्ति जताई जा रही थी। कई बार विवाद बढ़ने के बाद पीड़ित पक्ष ने तहसील में लिखित शिकायत देकर पैमाइश की मांग की थी। इसी के चलते मंगलवार को लेखपाल, नायब तहसीलदार और मूसाझाग पुलिस की टीम मौके पर पैमाइश कराने पहुंची थी।
जैसे ही राजस्व टीम ने जमीन की पैमाइश शुरू की, तभी दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने अचानक दलवीर सिंह और उनके परिजनों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते लाठी-डंडे और तलवारें चलने लगीं। पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते रहे, लेकिन हिंसा इतनी तेज थी कि दो लोग घायल हो गए। घायलों में दलवीर सिंह और उनके परिजन दलजिंदर सिंह शामिल हैं।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाकर मेडिकल कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वायरल वीडियो फुटेज को भी कब्जे में लिया जा रहा है। राजस्व टीम से भी लिखित तहरीर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं में पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा जारी, 33 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जमीन की रजिस्ट्री 28 साल पहले हो चुकी है। उसके बावजूद कुछ लोग लगातार कब्जे की कोशिश करते रहे हैं। कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। अब पैमाइश के दौरान हुए हमले के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब मौके पर लेखपाल, नायब तहसीलदार और पुलिस मौजूद थी तब भी हमलावरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए।
Location : Budaun
Published : 9 June 2026, 10:57 PM IST
Topics : Budaun News land dispute up crime Village Clash