मैनपुरी में नींव भरते ही मिलने लगी धमकियां, आखिर क्या है पूरा मामला?

मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है। सरकारी पैमाइश और सीमांकन के बाद नींव भरवाने वाले एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसकी नींव उखाड़ने की धमकी दे रहे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 July 2026, 9:31 PM IST
google-preferred

जिले के भोगांव क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद अब डर और धमकियों तक पहुंच गया है। सरकारी पैमाइश और प्रशासन की मौजूदगी में सीमांकन होने के बाद जिस जमीन पर निर्माण शुरू हुआ, उसी पर अब बवाल खड़ा हो गया है। पीड़ित का आरोप है कि नींव भरवाने के बाद कुछ लोग उसे लगातार धमका रहे हैं। गाली-गलौज कर रहे हैं और निर्माण कार्य रुकवाने के लिए जान से मारने तक की धमकी दे रहे हैं। इन आरोपों के आधार पर पीड़ित ने जिलाधिकारी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।

सरकारी पैमाइश के बाद शुरू हुआ विवाद

भोगांव की पुरानी मंडी निवासी नरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी गाटा संख्या 703 की भूमि का मिशन समाधान अभियान के तहत उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में सीमांकन कराया गया था। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी से नींव की खुदाई भी कराई गई। जिसके बाद उन्होंने नियमानुसार अपनी जमीन पर नींव भरवा दी।

नींव उखाड़ देंगे, ऐसा आरोप

नरेंद्र सिंह का आरोप है कि इसके बाद सुनील कुमार, विपिन कुमार, रामवीर और हेम सिंह समेत कुछ लोगों ने उनकी भरी हुई नींव उखाड़ने की धमकी देनी शुरू कर दी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी आए दिन गाली-गलौज करते हैं। झगड़ा करने की कोशिश करते हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी देते हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मैनपुरी में स्कूली छात्रों की सुरक्षा को लेकर सिद्धार्थ यादव आए एक्शन में, दे डाली ये बड़ी धमकी

डर के साये में जी रहा परिवार

पीड़ित ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों की वजह से उनका परिवार दहशत में है। निर्माण कार्य भी पूरी तरह रुक गया है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।

डीएम से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

नरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनकी जमीन और निर्माणाधीन नींव की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही जिन लोगों पर धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। उनके खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

Location :  Mainpuri

Published :  3 July 2026, 9:31 PM IST

Advertisement