हिंदी
रील के लिए खतरनाक स्टंटबाजी (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ ने एक बार फिर युवाओं को खतरनाक रास्ते पर ला खड़ा किया है। नवनिर्मित हाइवे पर कुछ युवक अपनी जान जोखिम में डालकर रील बनाने में जुटे हुए हैं, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि कुछ युवा तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए उसका अगला पहिया हवा में उठाकर स्टंट कर रहे थे और इस पूरे खतरनाक करतब का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की तैयारी कर रहे थे। इतना ही नहीं, वीडियो में कुछ युवक थार वाहन के साथ भी बेहद जोखिम भरे स्टंट करते नजर आए।
हाइवे जैसी व्यस्त और तेज रफ्तार सड़क पर इस तरह के स्टंट न सिर्फ स्टंट करने वाले युवाओं के लिए खतरनाक हैं, बल्कि वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बन जाते हैं। एक छोटी-सी गलती गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद कोल्हुई पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। साथ ही वाहन चालक की तलाश जारी है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों को स्टंट या रील बनाने का मंच नहीं बनने दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए युवा किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्हें न अपनी जान की परवाह है और न ही दूसरों की सुरक्षा की चिंता।
Location : Maharajganj
Published : 7 April 2026, 11:40 AM IST