प्यार का खौफनाक अंत: कासगंज में प्रेमी ने रची ऐसी खूनी साजिश, रुपये और जेवर के लालच में प्रेमिका की रेता गला

कासगंज के अशोक नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ शातिर अपराधी प्रेमी समीर ने पैसों और जेवरों के लालच में अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमिका नेहा की आधी रात को गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।

Updated : 25 September 2026, 10:23 AM IST
google-preferred

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के रिश्ते को पैसों और जेवरों के लालच ने एक खौफनाक वारदात में बदल दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर में एक सिरफिरे आशिक ने अपनी ही प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। इस वीभत्स हत्याकांड के खुलासे ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

तीन महीने पहले परवान चढ़ा था प्यार, और फिर...

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी समीर मूल रूप से जामा मस्जिद के पास का रहने वाला है, जो बाइक चोरी के पुराने मामलों में पहले भी जेल की हवा खा चुका है। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह ठिकाना बदलकर अशोक नगर में किराए के मकान में रह रहा था।

करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली नेहा से हुई। नेहा पिछले तीन-चार साल से समीर के दोस्त अरसद को जानती थी। धीरे-धीरे मेल-जोल बढ़ा और दोनों के बीच नजदीकियां प्यार में बदल गईं। लेकिन यह प्रेम कहानी जल्द ही खून के आंसुओं में तब्दील होने वाली थी।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में बम की धमकी से मचा हड़कंप: तुरंत खाली कराया गया परिसर, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा एजेंसियां तैनात

लालच में अंधा हुआ आशिक, रची खौफनाक साजिश

नजदीकियां बढ़ने के बाद समीर को इस बात की भनक लग गई कि नेहा के घर में मोटी रकम (कैश) और कीमती जेवर रखे हुए हैं। पैसों की हवस में अंधे हो चुके समीर ने अपनी ही प्रेमिका को लूटने और रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

इस घिनौने षड्यंत्र में उसने अपने तीन दोस्तों को भी शामिल कर लिया। योजना के तहत, आधी रात को नेहा को फोन कर मिलने के बहाने बुलाया गया। जब नेहा उसके बुलावे पर पहुंची, तो इन दरिंदों ने बेरहमी से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को निर्वस्त्र कर छोड़ दिया गया।

गाड़ी की रोशनी से डरे कातिल, यूं हुआ सनसनीखेज खुलासा

कातिलों की योजना तो नेहा के शव को पूरी तरह ठिकाने लगाने की थी, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी साजिश नाकाम हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद जब वे शव को हटाने की फिराक में थे, तभी अचानक वहां किसी वाहन की रोशनी पड़ी।

रोशनी और वाहन की आहट से घबराकर आरोपी डर गए और शव को वहीं ट्यूबवेल की छत पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। सुबह इस खौफनाक मंजर के सामने आने पर इलाके में कोहराम मच गया।

परिवार की लाडली थी नेहा, मातम में डूबा घर

मृतका नेहा अपने पूरे परिवार में सबसे छोटी थी और अपने पांचों भाइयों की इकलौती लाडली बहन थी। उसके भाई परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहते हैं, जिनमें से दो भाई दिल्ली और एक भाई मुंबई में रहकर काम करता है।

हाथ में था स्टार्टर का बटन और पलभर में उजड़ गया घर, गोरखपुर में 10 साल के मासूम की करंट से दर्दनाक मौत

घटना की खबर मिलते ही मां जाहिदा बेगम, बड़ी बहन निशा और दूर-दराज से भागे आए भाइयों समेत पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी ओपी सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी समीर का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने रुपये और जेवर के लालच में हुई इस हत्या पर सख्त रुख अपनाते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई तेज कर दी है।

Location :  Kasganj

Published :  25 September 2026, 10:20 AM IST

Advertisement