जिस घर में बजनी थी शहनाइयां, वहां पसरा मातम; रायबरेली में बारात की गाड़ियां हादसे का शिकार

रायबरेली में अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। लालगंज में बारात की दो गाड़ियां रोडवेज बस से टकरा गईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई बाराती घायल हो गए। वहीं, बछरावां में रोडवेज बस की टक्कर से ऑटो सवार वीरेंद्र यादव की जान चली गई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 11 November 2026, 1:48 PM IST
google-preferred

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर सड़क पर सफर की मुश्किलों को सामने ला दिया। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरपहा गांव के पास हाईवे पर बारात की दो गाड़ियां रोडवेज बस से टकरा गईं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, बारात फतेहपुर के किशनपुर से उन्नाव जा रही थी। बारात के काफिले में कुल तीन गाड़ियां शामिल थीं। देर रात हाईवे पर अंधेरे के बीच काफिले की दो गाड़ियां रोडवेज बस की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल लालगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे में कई बारातियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ये भी पढ़े: ऑनलाइन गेम में हारने के बाद दोस्त को उतारा मौत के घाट, रायबरेली में 17 वर्षीय प्रिंस हत्याकांड का खुलासा

चार लोगों को जिला अस्पताल भेजा

हादसे में घायल सकील के मुताबिक, बारात फतेहपुर के किशनपुर से उन्नाव जा रही थी। काफिले में तीन गाड़ियां थीं और हर गाड़ी में पांच से छह लोग सवार थे। इनमें से दो गाड़ियां हादसे का शिकार हुईं। इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

रायबरेली में दो भीषण सड़क हादसे (Img : Dynamite News)

वहीं, सीओ लालगंज सुजीत राय ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा चार लोगों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस की ओर से घायलों की स्थिति और हादसे से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बारात में शामिल लोगों के लिए यह सफर बेहद दर्दनाक साबित हुआ। जिस काफिले के साथ लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, उसी दौरान हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

रोडवेज बस ने ऑटो को मारी टक्कर

रायबरेली में दूसरा सड़क हादसा बछरावां थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान वीरेंद्र यादव की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक वीरेंद्र यादव लखनऊ जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद जिला अस्पताल रेफर कराया। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है।

कई बाराती घायल (Img : Dynamite News)

ये भी पढ़े: CHC में मेडिकल कराने पहुंचे थे, तभी हो गया हमला! रायबरेली में युवक ने लगाया गंभीर आरोप

पुलिस मामले की जांच कर रही

वीरेंद्र यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस तरह रायबरेली में अलग-अलग स्थानों पर हुए दोनों सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हो गए।

Location :  Rae Bareli

Published :  11 November 2026, 12:55 PM IST

Advertisement