हाथ में था स्टार्टर का बटन और पलभर में उजड़ गया घर, गोरखपुर में 10 साल के मासूम की करंट से दर्दनाक मौत

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र के घघसरा नगर पंचायत अंतर्गत पनिका गांव में गुरुवार दोपहर हैंडपंप की मोटर का स्टार्टर दबाते समय 10 वर्षीय मासूम की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र घघसरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 परशुराम नगर, पनिका निवासी 10 वर्षीय प्रियांशु की गुरुवार दोपहर करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हैंडपंप में लगी मोटर चलाने के लिए गया बालक जैसे ही स्टार्टर का बटन दबाने लगा, वह करंट की चपेट में आ गया और स्टार्टर से चिपक गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे प्रियांशु घर के पास लगे हैंडपंप की मोटर चलाने के लिए गया था। मोटर के पास पहुंचकर उसने जैसे ही स्टार्टर का बटन दबाया, अचानक उसमें करंट उतर आया। करंट का झटका लगते ही प्रियांशु स्टार्टर से चिपक गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे। उसे किसी तरह अलग करने के बाद परिजन तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें - Gorakhpur News: हाथ में पिस्टल लहराता दिखा युवक, वीडियो वायरल होते ही पहुंची पुलिस; जांच में खुला बड़ा राज

परिवार में शोक का माहौल

सीएचसी ठर्रापार में चिकित्सकों ने प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और पनिका में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें - दिल्ली से रहेगी Gorakhpur जंक्शन पर नजर; फेशियल रिकोग्निशन से पकड़े जाएंगे वांछित अपराधी

पप्पू गौड़ के दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा शनि 15 वर्ष का है, जबकि प्रियांशु 10 वर्ष का था और दोनों में छोटा था। पप्पू गौड़ बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी दोनों बेटों के साथ रहती थीं। परिवार के लिए प्रियांशु की अचानक मौत किसी बड़े आघात से कम नहीं है। बेटे की मौत के बाद मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लापरवाही पड़ी भारी

ग्रामीणों के अनुसार, घरेलू उपयोग में आने वाली मोटर और उसके स्टार्टर में विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। मासूम प्रियांशु की मौत ने परिवार के साथ ही आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया है।

Location :  Gorakhpur

Published :  24 September 2026, 7:48 PM IST

Related News

Advertisement