हिंदी
रामनवमी से पहले धनबाद में पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है और असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
धनबाद में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Dhanbad: झारखंड के धनबाद में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार सक्रिय है और शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इसी क्रम में शहर के पुलिस कंट्रोल रूम और एसडीएम कार्यालय के सामने से सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए, जिन्होंने शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में गश्त की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की गाड़ियों के साथ मोटरसाइकिल सवार जवानों ने खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में भ्रमण किया। पुलिस बल की मौजूदगी से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा और लोगों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी अफवाह या उकसावे में न आएं। प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि रामनवमी का पर्व बिना किसी बाधा के सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।
त्योहार से पहले सुरक्षा सख्त (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
धनबाद कोर्ट में पेश हुए जयराम महतो, इस मामले पर हुई सुनवाई; जानिये पूरा अपडेट
सिटी एसपी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पिछले वर्ष 2024 में भारत माता चौक पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति रामनवमी के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
धनबाद में गौ-अवशेष मिलने से दो समुदायों के बीच तनाव, प्रशासन अलर्ट पर; जानिये क्या है पूरा मामला?
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लगातार फ्लैग मार्च और गश्त के जरिए पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।