रायबरेली में डॉ. महादेव सिंह का भव्य सम्मान, पर्यावरण सेवा को मिला सलाम

रायबरेली के लालगंज स्थित बैसवारा महाविद्यालय में पर्यावरणविद डॉ. महादेव सिंह का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्वर्ण शिखर पुस्तक का लोकार्पण किया गया और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों ने डॉ. सिंह के पर्यावरण और शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना की। डॉ. महादेव सिंह ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।

Raebareli: लालगंज स्थित बैसवारा महाविद्यालय प्रांगण में आज प्रख्यात पर्यावरणविद एवं मनीषी डॉ. महादेव सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बैसवारा साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था, लालगंज द्वारा किया गया। समारोह की अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सिंह ने की।

पुस्तक विमोचन और सम्मान का दौर

कार्यक्रम के दौरान स्वर्ण शिखर पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. महादेव सिंह को विभिन्न संस्थाओं और गणमान्य लोगों द्वारा सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि राजस्थान में जल संरक्षण के लिए प्रसिद्ध जल पुरुष राजेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

मुख्य अतिथियों ने सराहा योगदान

इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह सामान्य बात नहीं है कि लंबे समय तक समाज सेवा करने के बाद किसी व्यक्ति को इतना सम्मान मिले। उन्होंने बताया कि 2014 में सेवा निवृत्त होने के बाद भी डॉ. महादेव सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। जिसके चलते उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि एक शिक्षक का सम्मान पूरे समाज का सम्मान होता है।

डॉ. महादेव सिंह ने जताया आभार

सम्मान प्राप्त करते हुए डॉ. महादेव सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह इस सम्मान से अभिभूत हैं। उन्होंने नई पीढ़ी से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे आने की अपील की। उन्होंने जल प्रबंधन और संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले राजेंद्र सिंह और कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का भी धन्यवाद दिया।

एक ही दिन में बरपा तीन कहर: पेड़, खंभा और सड़क हादसे ने छीनी जिंदगियां; रायबरेली में मातम का मंजर

शिक्षा और पर्यावरण में दिया अहम योगदान

संस्था के प्रवक्ता नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि लालगंज निवासी डॉ. महादेव सिंह ने भूगोल और संस्कृत में परास्नातक किया। उन्होंने 1976 में इलाहाबाद बैंक की नौकरी छोड़कर शिक्षा क्षेत्र को चुना और बैसवारा पीजी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में कार्य किया। 2014 में सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने शिक्षा और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने भूमि उपयोग, पर्यावरण और वेदों में पारिस्थितिकी पर शोध किया। साथ ही कई सालों तक प्राचार्य पद पर रहते हुए शिक्षा को नई दिशा दी। किसलय पंचवटी अभियान के तहत उन्होंने हजारों पौधों का रोपण कराया। जिसमें पीपल, बरगद, नीम, आम जैसे वृक्ष शामिल हैं। इसके अलावा नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा निर्मलीकरण और जल जागरूकता में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य लोग उपस्थित

इस अवसर पर जल पुरुष राजेंद्र सिंह, प्राचार्य निरंजन राय, अशोक कुमार सिंह, राज बहादुर सिंह चंदेल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. राजीव दीक्षित, डॉ. शक्ति सिंह, कर्नल रितेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Location :  Raebareli

Published :  6 April 2026, 3:26 AM IST

Advertisement