हिंदी
दुकान पर कब्जा
Muzaffarnagar: थाना नई मंडी क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में रविवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया। जब एक किराए की दुकान को लेकर विवाद अचानक भड़क उठा। बिजलीघर के सामने स्थित दुकान पर कब्जे को लेकर विधवा मकान मालकिन और रेस्टोरेंट संचालक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालात इतने बिगड़ गए कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, विक्रांत बालियान पिछले करीब सात साल से किराए पर दुकान लेकर ब्लैक पेपर नाम से रेस्टोरेंट चला रहा था। बताया गया कि करीब सात महीने पहले रेंट एग्रीमेंट खत्म हो चुका था लेकिन इसके बावजूद संचालक लगातार समय मांगता रहा। कुछ दिन पहले पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी। जहां रेस्टोरेंट संचालक ने 5 अप्रैल तक दुकान खाली करने का लिखित आश्वासन दिया था।
मुजफ्फरनगर में दुकान कब्जे को लेकर बवाल! विधवा मकान मालकिन और रेस्टोरेंट संचालक आमने-सामने, मौके पर हंगामा। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली, दोनों पक्ष हिरासत में। मकान मालकिन ने दी आत्मदाह की चेतावनी।@muzafarnagarpol #Muzaffarnagar #PropertyDispute #UPNews #LawAndOrder pic.twitter.com/55lyAhASnk
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 5, 2026
रविवार को तय समय सीमा पूरी होने पर मकान मालकिन सोनिया अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक को दुकान से बाहर निकालकर ताला लगा दिया, जिससे विवाद और ज्यादा बढ़ गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही दरोगा संदीप धारीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां मामले की जांच की जा रही है। वहीं मकान मालकिन सोनिया ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रेस्टोरेंट संचालक दबंगई कर रहा था और उनकी जान-माल को खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई, तो वह अपने परिवार के साथ आत्मदाह करने को मजबूर होंगी।
फिलहाल दुकान पर मकान मालकिन का कब्जा बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर किरायेदारी विवादों के बढ़ते तनाव और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 April 2026, 2:37 AM IST