हिंदी
साइबर पुलिस बनकर ठगी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने खुद को साइबर क्राइम पुलिस अधिकारी बताकर एक व्यक्ति को गिरफ्तारी का डर दिखाया और उसके बैंक खाते से 96,600 रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साइबर अपराधी लोगों में भय पैदा कर उन्हें अपने जाल में फंसा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के कविसा गांव निवासी राजेश कुमार चौधरी, पुत्र स्वर्गीय पंचराम चौधरी, के मोबाइल पर 3 जून की सुबह करीब 8:15 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को साइबर क्राइम पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो वायरल हुआ है और यदि दो घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Gorakhpur: तीन दिन में खुला चोरी का राज, खोराबार पुलिस ने बाइक चोरों को ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे
अचानक मिली इस धमकी से राजेश कुमार घबरा गए। जालसाज ने उन्हें कानूनी कार्रवाई से बचाने का झांसा देते हुए अलग-अलग किस्तों में पैसे भेजने को कहा। डर और भ्रम की स्थिति में पीड़ित ने गूगल पे के माध्यम से आठ बार में कुल 96,600 रुपये जालसाज के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
कुछ देर बाद जब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संबंधित ट्रांजेक्शन को होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद पीड़ित ने हरपुर बुदहट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल करने वाले नंबर, बैंक खाते और डिजिटल ट्रांजेक्शन का विवरण खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
Gorakhpur ATS Raid: इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट पर शिकंजा, गोरखपुर में ATS की गुप्त छापेमारी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी सरकारी अधिकारी फोन पर पैसे जमा कराने या गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर भुगतान करने के लिए नहीं कहता। ऐसे किसी भी कॉल पर घबराने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Location : Gorakhpur
Published : 10 July 2026, 8:06 PM IST