बारिश से बचने के लिए दुकान की छत पर चढ़ा सांड, रेस्क्यू के दौरान गिरा नीचे, वीडियो वायरल

मुजफ्फरनगर के चरथावल कस्बे में बारिश से बचने के लिए एक आवारा सांड अचानक दुकान की छत पर चढ़ गया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पशु प्रेमी सन्नी चौपड़ा और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सांड छत से नीचे गिर गया, लेकिन गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई और रेस्क्यू सफल रहा।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 July 2026, 6:21 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में शुक्रवार को एक अनोखी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। लगातार हो रही बारिश से बचने के लिए एक आवारा सांड अचानक एक दुकान की छत पर चढ़ गया। छत पर सांड को खड़ा देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका के चलते तुरंत रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी गई।

मौके पर पहुंचे पशु प्रेमी की टीम

घटना की सूचना मिलते ही पशु प्रेमी सन्नी चौपड़ा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से सांड को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया गया। रेस्क्यू के दौरान अचानक सांड का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar: ससुराल में हैवानियत की हदें पार, पांच माह की गर्भवती बहू की संदिग्ध मौत

रेस्क्यू ऑपरेशन से मिली लोगों को राहत

हालांकि राहत की बात यह रही कि नीचे गिरने के बावजूद सांड को कोई गंभीर चोट नहीं आई। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को भी किसी प्रकार की चोट नहीं आई। सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और टीम के प्रयासों की सराहना की।

ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar Crime: मुफ्त इलाज और पैसों का लालच, जंगलों के बीच चल रहे इस गंदे खेल का ऐसे हुआ भंडाफोड़

पशुओं की समस्या पर कार्रवाई की मांग 

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा सांड व अन्य पशु अक्सर सड़कों और बाजारों में घूमते रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की कि आवारा पशुओं के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  10 July 2026, 6:21 PM IST

Advertisement