गोरखपुर पुलिस ने दबोचा शातिर अपराधी, जानें किस तरीके से जिले में मचाया हुआ था आतंक

गोरखपुर के कैण्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्याम दुबे पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Gorakhpur: गोरखपुर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। कैण्ट थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटना की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। खास बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी पहले से कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित रहा है, जिससे पुलिस की कार्रवाई को अहम सफलता माना जा रहा है।

कैण्ट पुलिस को मिली बड़ी सफलता

शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैण्ट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थाना कैण्ट की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

गोरखपुर में डीएम की जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, गैस एजेंसियों को सख्त चेतावनी

चोरी की बाइक बरामद

पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक नवीन कुमार राय अपनी टीम के साथ थाना कैण्ट में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 की जांच कर रहे थे। यह मामला बीएनएस की धारा 303(3) के तहत दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान श्याम दुबे पुत्र त्रियुगी दुबे निवासी पक्कवा इनार डुमरी थाना कसया जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल देवरिया जिले के थाना महुआडीह क्षेत्र के रामपुर दुल्लह में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

3 मार्च की रात हुई थी बाइक चोरी

पुलिस के मुताबिक इस मामले में वादी ने थाना कैण्ट में तहरीर देकर बताया था कि 3 मार्च 2026 की रात उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

आनंदनगर में दुकानों को लेकर बवाल, 42 दुकानदार धरने पर बैठे, पढ़ें महराजगंज का ये बड़ा मामला

आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त श्याम दुबे का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना कैण्ट चिलुआताल समेत अन्य थानों में दर्ज कई मामले शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में भी थाना खोराबार में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन कुमार राय, कांस्टेबल संदीप कुशवाहा, कांस्टेबल उदय सरोज और कांस्टेबल सुनील यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 10 March 2026, 11:34 PM IST

Advertisement
Advertisement