हिंदी
Gorakhpur DM Deepak Meena
Gorakhpur: गोरखपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को ऐसा माहौल देखने को मिला, जहां लोगों की शिकायतों के बीच प्रशासनिक सख्ती का भी साफ संदेश दिखाई दिया। जमीन विवाद से लेकर सरकारी योजनाओं में लापरवाही और गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितताओं की आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को साफ चेतावनी दे दी कि किसी भी मामले में टालमटोल या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने सुनी जनता की शिकायतें
गोरखपुर में जनसुनवाई को प्रभावी और परिणामपरक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक मीणा मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। यहां अलग-अलग इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। किसी ने जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत की तो किसी ने पेंशन, सड़क, नाली और स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई।
महाराजगंज में सड़क पर चीखती रही महिला, टूट पड़ा दबंग युवक, CCTV ने खोल दिया राज
डीएम ने हर शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
गैस एजेंसियों को कड़ी चेतावनी
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि जिले में इन जरूरी वस्तुओं की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करती है या गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोडल अधिकारियों की होगी तैनाती
डीएम ने एडीएम सिटी को निर्देश देते हुए कहा कि जिले की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त संख्या में नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाए। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे गैस, पेट्रोल या डीजल की कमी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने साफ कहा कि अगर कोई व्यक्ति झूठी अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि हाल के दिनों में त्योहारी सीजन के कारण गैस सिलेंडरों की खपत सामान्य से ज्यादा हो गई थी। इसके चलते कुछ उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग से जुड़े मैसेज तकनीकी कारणों से देर से मिलने की समस्या आई थी, लेकिन अब इस तकनीकी समस्या को ठीक कर दिया गया है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 10 March 2026, 10:49 PM IST