Gorakhpur News: खजनी तहसील में बैनामा को लेकर मचा बवाल, रजिस्ट्री परिसर में मची अफरा-तफरी

गोरखपुर के खजनी रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा को लेकर दो पक्षों में जमकर बवाल हो गया। जिससे रजिस्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख फिलहाल बैनामा की प्रक्रिया रोक दी गई है।

Gorakhpur: जनपद के खजनी तहसील स्थित निबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय में गुरुवार दोपहर जमीन के बैनामे को लेकर जमकर हंगामा हो गया। ग्राम बघाड़ से जुड़े इस विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे रजिस्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख फिलहाल बैनामा की प्रक्रिया रोक दी गई है और दोनों पक्षों को आपसी सुलह-समझौते की सलाह दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बघाड़ की मूल निवासी तारा देवी पत्नी सीताराम (वर्तमान निवास कानपुर) ने अपनी जमीन अशोक कुमार पुत्र दयाराम निवासी बघाड़ को 10 लाख 50 हजार रुपये में तय की थी। आरोप है कि तारा देवी ने उक्त रकम अग्रिम के रूप में ले ली और कुछ दिनों का समय मांग लिया।

गुरुवार को लगभग दो बजे तारा देवी कथित रूप से चुपके से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचीं और उसी जमीन का बैनामा अधिक कीमत पर बिरेंद्र हरिजन, मूल निवासी चपरहट, के पक्ष में कराने लगीं। बताया जा रहा है कि यह सौदा एक दलाल के माध्यम से तय हुआ।

इसकी भनक पहले से एडवांस दे चुके अशोक कुमार और उनके परिजनों को लग गई। सूचना मिलते ही दर्जनों की संख्या में महिला-पुरुष रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच गए और जमकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोग मारपीट पर उतारू हो गए थे, जिससे परिसर में मौजूद अन्य लोग भी घबरा गए।

गोरखपुर में गैंगस्टरों पर बड़ी कार्रवाई: पशु-तस्करी से अर्जित करोड़ों की संपत्ति जब्त, पढ़ें पूरा मामला

हंगामे के दौरान एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह की धमकी दिए जाने की भी चर्चा रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।

निबंधक कार्यालय से जुड़े रमेश राम ने बताया कि विवाद के चलते बैनामा की प्रक्रिया रोक दी गई है। उनके अनुसार दोनों पक्षों के बीच लेन-देन का मामला है और जब तक आपसी सहमति या स्पष्ट कागजात प्रस्तुत नहीं होते, तब तक रजिस्ट्री नहीं की जाएगी।

गोरखपुर में कलयुगी बेटे का खौफनाक हमला: पिता और छोटे भाई का किया ये हाल, गांव में मचा कोहराम

फिलहाल मामला ग्राम बघाड़ की जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को आपसी समझौते के बाद ही आगे की प्रक्रिया करने की सलाह दी गई है। घटना के बाद रजिस्ट्री कार्यालय में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा ।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 12 February 2026, 6:31 PM IST

Advertisement
Advertisement