हिंदी
जनपद के गीडा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभियुक्त अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पढिए पूरी खबर
सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
गोरखपुर: जनपद के गीडा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभियुक्त अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
क्या है पूरी खबर?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गीडा व एसओजी/स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। थाना गीडा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 0051/2026 धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित मामले में पवन कुमार पुत्र चन्द्रिका निषाद और विजय पुत्र चन्द्रिका निषाद, निवासी गीता वाटिका (पानी की टंकी के पास), आवास विकास कालोनी, थाना शाहपुर, को गिरफ्तार किया गया।
युवक की चाकू मारकर हत्या
घटना के संबंध में वादी ने 6 फरवरी 2026 को तहरीर दी थी कि उनका पुत्र शाम के समय घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, परंतु फोन रिसीव नहीं हुआ। पूरी रात खोजबीन के बाद 7 फरवरी को युवक का शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि युवक की चाकू मारकर हत्या की गई थी।
पूछताछ में गिरफ्तार
पुलिस विवेचना के दौरान पवन कुमार, विजय तथा निखिल कुमार गौड़ उर्फ गोलू उर्फ रितिक का नाम प्रकाश में आया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि मृतक से उनका आपसी विवाद चल रहा था। 6 फरवरी को उन्होंने युवक को पार्टी के बहाने बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। तीसरा अभियुक्त निखिल कुमार गौड़ उर्फ गोलू उर्फ रितिक पुत्र नन्दू गौड़ निवासी सुअरज थाना गोला अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।इस कार्रवाई में थाना गीडा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही फरार अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।