हिंदी
फतेहपुर के थाना खखरेरू क्षेत्र में रक्षपालपुर और भदौहा के बीच तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 21 वर्षीय सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्रयागराज रेफर किया गया है।
बाइक सवार युवक की मौत
Fatehpur: जनपद के थाना खखरेरू क्षेत्र अंतर्गत रक्षपालपुर और भदौहा के बीच शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 21 वर्षीय सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक सौरभ कुमार पुत्र स्वर्गीय राम आसरे, थाना खखरेरू क्षेत्र के सौदपुर पचमई गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार सौरभ शादी समारोह में फोटोग्राफी का काम कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही खखरेरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल अतुल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक सौरभ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में चमका छात्रों का वैज्ञानिक हुनर, रसोइया प्रतियोगिता में भी दिखी प्रतिभा
मृतक के जीजा रामू ने बताया कि सौरभ मेहनती युवक था और परिवार की जिम्मेदारी निभाने में सहयोग करता था। शादी समारोह में फोटोग्राफी कर लौटते समय हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
Sonbhadra News: 10 ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन, श्रम संहिता रद्द करने और निजीकरण रोकने की मांग
ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक लगाने और नियमित चेकिंग की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।