हिंदी
मासूम सुरक्षित बरामद (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: यूपी के गोरखपुर में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया, जहां बोलेरो सवार बदमाशों ने डेढ़ वर्षीय मासूम का अपहरण कर लिया। यह घटना गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर बाजार की है, जहां शनिवार शाम को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक मां के सामने उसके बच्चे को उठा ले जाया गया। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से महज 45 मिनट के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गजपुर निवासी सुमन यादव अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र अयांश को दवा दिलाकर शाम करीब छह बजे घर लौट रही थीं। जैसे ही वह घर के पास पहुंचीं, पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां और बच्चा सड़क पर गिर पड़े, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।
गोरखपुर: दहेज हत्या में बड़ी कार्रवाई, गोला पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा
इसी दौरान बोलेरो में सवार तीन बदमाश मौके का फायदा उठाकर मासूम अयांश को जबरन उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया। सुमन यादव के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बोलेरो की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने हर संभावित मार्ग पर चौकसी बढ़ा दी, जिससे आरोपियों के बच निकलने की संभावना कम हो गई।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बोलेरो का पीछा किया और कुछ ही देर में वाहन को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश घबरा गए और गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि उन्होंने मासूम को वाहन में ही छोड़ दिया, जिससे पुलिस ने अयांश को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में केवल 45 मिनट का समय लगा।
मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
Location : Gorakhpur
Published : 26 April 2026, 3:56 PM IST