हिंदी
मृतक की फाइल फोटो (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डाड़ी खास में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। बारात से लौट रहे दो बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, डाड़ी खास निवासी दिलीप जायसवाल (50) शनिवार को जय प्रजापति के पुत्र की बारात में शामिल होने के लिए भर्रोह गए थे। उनके साथ बाइक पर पीछे बैठे थे उनके बहनोई राजेश जायसवाल, जो बड़हलगंज थाना क्षेत्र के नीबी गांव के निवासी हैं। रात करीब 10 बजे दोनों बारात से वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बड़हलगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिलीप जायसवाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजेश जायसवाल का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
Gorakhpur: शिक्षा के क्षेत्र में कैसे चमका रामपुरवा इंटर कॉलेज, जानें पूरी खबर
मृतक दिलीप जायसवाल अपने पीछे एक पुत्र विशाल (22 वर्ष) और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी सुधा का विवाह अभी नहीं हुआ है। दिलीप गांव के डाड़ी चौराहे पर किराना की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और अपने मिलनसार व सज्जन स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
जैसे ही उनकी मौत की खबर गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया और पूरे डाड़ी खास में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि घायल राजेश जायसवाल गुजरात में कारोबार करते हैं और भांजी की शादी में शामिल होने के लिए गांव आए थे। शादी के कार्यक्रम के बाद दोनों बारात में गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया।
Location : Gorakhpur
Published : 26 April 2026, 3:33 PM IST