हिंदी
आरोपी दो पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार (img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के कैण्ट थाना पुलिस और एसटीएफ फील्ड यूनिट गोरखपुर की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से .32 बोर की दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध पिस्टल लाकर गोरखपुर समेत आसपास के जिलों में स्थानीय तस्करों और ग्राहकों को सप्लाई करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश दत्त त्रिपाठी उर्फ बोलबम त्रिपाठी उर्फ अभिषेक पंडित उर्फ छोटू पुत्र अनिल दत्त त्रिपाठी, निवासी ग्राम हलिया, थाना हलिया, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता प्रयागराज के थाना नैनी क्षेत्र स्थित विनायक नगर, नमक फैक्ट्री के पीछे जितेंद्र त्रिपाठी के मकान का बताया गया है।
पुलिस के अनुसार रितेश अपने साथियों राजू और डाक्टर के साथ मिलकर अवैध असलहों की तस्करी करता था। गिरोह का सदस्य डाक्टर गोरखपुर में ग्राहकों की तलाश करता था, जबकि राजू के संपर्क में ग्राहक तय होने के बाद रितेश पिस्टल की सप्लाई करता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह मध्य प्रदेश से अवैध पिस्टल लाकर गोरखपुर, देवरिया और महाराजगंज में खपाता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अवैध हथियारों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
एसटीएफ फील्ड यूनिट गोरखपुर के उपनिरीक्षक विनायक सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद कैण्ट थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 556/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं और धारा 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक यशवंत सिंह समेत एसटीएफ फील्ड यूनिट के हेड कांस्टेबल महेंद्र प्रताप सिंह, उमेश कुमार सिंह, चंद्रभूषण सिंह, अभिलाष कुमार तिवारी, विनय कुमार सिंह, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, नसीरूद्दीन, मो. इमरान खान, रणधीर सिंह, मोहित कुमार गौड़ और आरक्षी चालक सतीश चंद्र शामिल रहे।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध हथियार कहां से खरीदे जाते थे और उन्हें किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
Location : Gorakhpur
Published : 7 October 2026, 3:24 AM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur up news hindi