Gorakhpur: आपके खाते का भी हो सकता है गलत इस्तेमाल? पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

साइबर ठगों के जाल को तोड़ने के लिए गोरखपुर पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। आम लोगों के खातों को निशाना बनाकर ठगी की रकम को इधर-उधर करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Gorakhpur: साइबर ठगी के पैसों को बैंक खातों में मंगाकर खपाने वाले गिरोह के खिलाफ गुलरिहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने म्यूल खाते खुलवाकर उनके पासबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेने तथा इन खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी की रकम मंगाने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।

गिरफ्तार अभियुक्त

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि निषाद निवासी जंगल डुमरी नंबर-1, टोला रघुभगत थाना गुलरिहा, विनय साहनी और आलोक साहनी निवासी मिर्जापुर रुस्तमपुर दुर्गा मंदिर के पास थाना रामगढ़ताल तथा अंकित दूबे निवासी गायत्री नगर थाना एम्स के रूप में हुई है।

बताया गया कि अभियुक्तों ने वादी और उसके कुछ परिचितों को विश्वास में लेकर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए। इसके बाद संबंधित पासबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए।

पुलिस का बयान

पुलिस का आरोप है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि मंगाने के लिए किया जाता था। इस तरह सामान्य बैंक खातों को साइबर ठगी की रकम के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘म्यूल खातों’ में तब्दील कर दिया गया।

गोरखपुर में चोरी की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे

पुलिस की कार्रवाई

मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना गुलरिहा में मु0अ0सं0 711/2026 के तहत धारा 318(4), 319, 61(2), 351(3), 352 भारतीय न्याय संहिता तथा 66(C), 66(D) आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में निरीक्षक राजमन यादव की टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक आयुष द्विवेदी, उपनिरीक्षक रिसाग्र त्रिपाठी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

गोरखपुर में मोबाइल छीनकर भागे शातिरों का खेल खत्म, पुलिस ने ऐसे दबोचा

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों में साइबर ठगी की कितनी रकम आई और गिरोह के तार किन अन्य लोगों से जुड़े हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 August 2026, 12:30 AM IST

Advertisement