झांसी में रक्षाबंधन पर खुशी-खुशी निकले थे, रास्ते में आई मौत की धार; कार बहने लगी तो मचा हड़कंप

झांसी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बामौर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। संसोर नाले में तेज बहाव के बीच कार उतारना दो महिलाओं और उनके दो दुधमुंहे बच्चों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 August 2026, 8:33 PM IST
google-preferred

Jhansi : जिले में दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच बामौर क्षेत्र में बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां संसोर नाले में तेज बहाव के बावजूद कार को पानी के बीच उतार दिया गया। कार में दो महिलाएं और उनके दो दुधमुंहे बच्चे सवार थे। कुछ ही देर में तेज धार कार को बहाकर ले गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

तेज बहाव के बीच उतारी कार

बामौर में लगातार बारिश के कारण संसोर नाला उफान पर है। हनुमान मंदिर और प्रतीक्षालय समेत कई घर भी जलभराव से प्रभावित हैं। खड़ैनी-बामौर पीडब्ल्यूडी सड़क पर करीब पांच से छह फुट ऊंची पानी की तेज धार बह रही है। इसी दौरान रक्षाबंधन पर कुरैठा जा रहीं दो महिलाएं अपने दो छोटे बच्चों के साथ कार से यहां पहुंचीं।

‘सड़क पर बिखरा खून और कांपती सांसें…’ झांसी में दर्दनाक हादसे के बाद कार चालक ने बचाई जिंदगी

ग्रामीणों ने कार चालक को तेज बहाव के बीच वाहन नहीं उतारने की सलाह दी, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी और कार को पानी में उतार दिया। कुछ ही देर में पानी का दबाव बढ़ गया और कार बहने लगी।

ग्रामीणों ने महिलाओं और बच्चों को बचाया

कार को पानी में बहता देख मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने कार में सवार दोनों महिलाओं और बच्चों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान महिलाएं काफी घबरा गई थीं। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया।

कार पानी में डूब जाने और महिलाएं बदहवास होने के कारण तत्काल उनके नाम और वाहन का नंबर पता नहीं चल सका। बताया गया कि सभी लोग जालौन जिले के ऊमरी कस्बे से बामौर ब्लॉक के कुरैठा गांव में पाल परिवार के यहां रक्षाबंधन मनाने जा रहे थे।

बामौर का बड़ा तालाब भी ओवरफ्लो

संसोर नाले के उफान के साथ बामौर का बड़ा तालाब भी ओवरफ्लो हो गया है। इससे आसपास के इलाकों में जलभराव और नुकसान की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

माताटीला बांध के 20 गेट खुले

माताटीला बांध का जलस्तर 1007 फीट पहुंचने के बाद मंगलवार शाम से 20 गेट करीब दो फीट तक खोलकर 52 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध में कुल 23 गेट हैं, जिनमें से 20 खोल दिए गए हैं।

सुकवां-ढुकवां बांध के ऊपर से भी पानी निकलता है, जब माताटीला बांध से पानी छोड़ा जाता है। यह पानी ओरछा होते हुए जालौन की ओर पहुंचता है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से तेज बहाव वाले रास्तों पर जाने से बचने की अपील की जा रही है।

 

Location :  Jhansi

Published :  27 August 2026, 8:33 PM IST

Related News

Advertisement