हिंदी
करंट लगने से युवक की मौत (Img : Pinterest)
Budaun : जिले के थाना कादरचौक क्षेत्र के चौडेरा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर पेड़ की छंटाई कर रहे 54 वर्षीय किसान की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चौडेरा गांव निवासी नरेश (54) पुत्र लेखराज किसान थे। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह गुरुवार को भी खेत पर काम करने गए थे। खेत की मेड़ पर खड़े पेड़ की टहनियां फसल पर छाया कर रही थीं। इसी वजह से नरेश पेड़ पर चढ़कर टहनियों की कटाई-छंटाई करने लगे।
अंबेडकर प्रतिमा को लेकर बदायूं में बवाल, पुलिस टीम पर पथराव के बाद मचा हड़कंप
बताया गया कि पेड़ के ऊपर से ही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। टहनियां काटते समय अचानक उनका हाथ या पेड़ की टहनी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई।
हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही नरेश को तेज करंट का झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गए। करंट लगने के बाद वह पेड़ पर ही अचेत हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। किसान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल हो गया।
घटना की सूचना परिजनों ने थाना कादरचौक पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें कई जगह काफी नीचे लटक रही हैं। उनका कहना है कि लाइन को ऊंचा कराने और समस्या के समाधान को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने हादसे की जांच कराने के साथ ही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने और मृतक किसान के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 27 August 2026, 9:06 PM IST