2004 से अपराध की दुनिया में सक्रिय, 50 हजार का इनामी आखिर कैसे पहुंचा गोरखपुर पुलिस की गिरफ्त में?

गोरखपुर के पीपीगंज में पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश गुड्डू ढाढ़ी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद हुआ है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 August 2026, 6:59 PM IST
google-preferred

Gorakhpur : सिसई पुल के पास गुरुवार को अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। सामने था 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश, जिसे पुलिस लंबे समय से तलाश रही थी। घेराबंदी होते ही आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और आखिरकार उसे दबोच लिया गया। मौके से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन भी बरामद हुआ है।

सिसई पुल के पास घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, पीपीगंज पुलिस और स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 50 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश गुड्डू ढाढ़ी सिसई पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के अफसर ने बताया कि गिरफ्तारी का प्रयास होते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। गोली गुड्डू ढाढ़ी के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

2023 के गैंगस्टर केस में चल रहा था वांछित

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीपीगंज थाना क्षेत्र के भरोहिया गांव निवासी गुड्डू ढाढ़ी पुत्र गोबरी प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह वर्ष 2023 में पीपीगंज थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .12 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल दोपहिया वाहन बरामद किया है।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, गुड्डू ढाढ़ी के खिलाफ पीपीगंज, कैंपियरगंज और संतकबीरनगर के खलीलाबाद थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ वर्ष 2004 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने दर्ज किया नया मुकदमा

मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में पीपीगंज थाने में मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 132, 109 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में पीपीगंज थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाहा, स्वाट टीम प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह समेत पीपीगंज पुलिस और स्वाट टीम के जवान शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 August 2026, 6:59 PM IST

Advertisement