हिंदी
रक्षाबंधन पर गोरखपुर में इन मार्गों पर रोक
Gorakhpur: रक्षाबंधन पर्व पर नौकायान और आसपास के क्षेत्रों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शुक्रवार, 28 अगस्त को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है।
भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था का ध्यान रखें।
देवरिया, खोराबार और चिड़ियाघर की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को पैडलेगंज से नौकायान की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन अमर उजाला तिराहा, न्यू सिक्सलेन ओवरब्रिज और थाना रामगढ़ताल तिराहा होते हुए चिड़ियाघर की ओर जाएंगे।
इसी तरह इन क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहन भी रामगढ़ताल तिराहा से नौकायान की तरफ नहीं जा सकेंगे। उन्हें अमर उजाला तिराहा और न्यू सिक्सलेन ओवरब्रिज होकर आगे भेजा जाएगा।
नौकायान घूमने जाने वाले चार पहिया वाहनों को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह मोड़ से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। यहां से वाहनों को डायवर्ट कर प्रेक्षागृह के सामने, पीछे और आसपास पार्क कराया जाएगा। वहीं सर्किट हाउस मोड़ से नौकायान की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहनों को सर्किट हाउस के सामने खाली मैदान में पार्क कराया जाएगा।
पैडलेगंज से नौकायान की ओर जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा, व्यावसायिक वाहन और बसों को चंपा देवी मोड़ से डायवर्ट कर चंपा देवी पार्क के बगल में पार्क कराया जाएगा। सर्किट हाउस और बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह की पार्किंग भरने पर अन्य वाहनों को भी चंपा देवी पार्क की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रामगढ़ताल थाना मोड़-देवरिया बाईपास तिराहा से आने वाले वाहनों को ट्रांसफार्मर तिराहा से नौकायान की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें महंत दिग्विजयनाथ पार्क की पार्किंग में भेजा जाएगा। तारामंडल और पैडलेगंज के बीच आने-जाने वाले वाहन वाटर बॉडी ओवरब्रिज से वसुंधरा एन्क्लेव होकर आवागमन करेंगे।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में तत्कालिक यातायात स्थिति के अनुसार जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
Location : Gorakhpur
Published : 28 August 2026, 12:11 AM IST