हिंदी
गोला थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम सुरदापार शुक्ल में सूने पड़े एक पुश्तैनी मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी…पढिए पूरी खबर
पुश्तैनी मकान में भीषण चोरी
गोरखपुर: जनपद के गोला थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम सुरदापार शुक्ल में सूने पड़े एक पुश्तैनी मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के अनुसार, सुरदापार शुक्ल निवासी संपूर्णानंद तिवारी अपने भाइयों सच्चिदानंद तिवारी और अखिलानंद तिवारी के साथ इस पुश्तैनी मकान में रहते हैं। इसी घर में उनके चाचा के परिवार के दयानंद तिवारी का भी हिस्सा है, जो वर्तमान में बाहर रहकर नौकरी करते हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के सिलसिले में गोरखपुर या अन्य शहरों में रहते हैं। अगस्त माह में पिता के निधन के बाद संपूर्णानंद अपनी माता को गोरखपुर ले गए थे। हाल ही में परिवार की बड़ी माताजी के अस्वस्थ होने के कारण भी घर पर कोई स्थायी रूप से मौजूद नहीं था, जिससे मकान सूना पड़ा था।
घरेलू सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त
शुक्रवार अपराह्न बड़े भाई अखिलानंद तिवारी जब खेती-बाड़ी के कार्य से गांव पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर देखा कि उनके हिस्से के कमरे के अलावा दयानंद तिवारी समेत अन्य कमरों के ताले भी तोड़े गए थे।आलमारियां, बक्से और घरेलू सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़े थे। छत पर बने कमरे सहित कुल चार कमरों में तोड़फोड़ की गई थी।
घेराबंदी कर जांच शुरू...
सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सीलनुमा घेराबंदी कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। परिवार के सभी सदस्य बाहर होने के कारण अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नकदी, आभूषण या अन्य कीमती सामान में कितना नुकसान हुआ है। समाचार लिखे जाने तक थाने में लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।
सूने घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की चोरी
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह गोला थाना क्षेत्र के रामपुर गडरी गांव में एक ही रात चार सूने घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की गई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में पुलिस गश्त बढ़ाने और शीघ्र खुलासे की मांग तेज हो गई है।