हिंदी
गोरखपुर में शुक्रवार को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत एक प्रभावशाली जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद पुलिस द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध…पढिए पूरी खबर
बाल विवाह
Gorakhpur : गोरखपुर में शुक्रवार को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत एक प्रभावशाली जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद पुलिस द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध व्यापक संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर से “मेरी आवाज…” थीम पर आधारित जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गोरखपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लेकर बाल विवाह उन्मूलन का संकल्प दोहराया। अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा है।
बाल विवाह मुक्त समाज
रैली में पुलिस अधिकारी, महिला थाना टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर प्रतिभागियों ने “बाल विवाह मुक्त समाज बनाएं”, “बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली पुलिस लाइन से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इस दौरान आयोजित हस्ताक्षर अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
Kaushambi News: DM अमित पाल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दिए ये कड़े निर्देश
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि “मिशन शक्ति 5.0” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर पूर्ण विराम लगाया जा सकता है। इस जागरूकता रैली ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है, और प्रशासन बाल विवाह के विरुद्ध हर स्तर पर सख्त व प्रतिबद्ध है।