हिंदी
Gorakhpur: थाना गीडा क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी कर पैतृक जमीन को दूसरे के नाम हस्तांतरित कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मृतक व्यक्तियों के अवैध हस्ताक्षर बनाकर जमीन के कागजात तैयार कराने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा जनपद में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार थाना गीडा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 517/2024 से संबंधित आरोपी अब्दुल कलाम पुत्र मुमताज अली उर्फ मिठाई निवासी हरैया थाना गीडा जनपद गोरखपुर, वर्तमान पता रानीडीहा थाना कैंट जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के संबंध में वादी ने थाना गीडा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसके मृतक भाई और पिता के अवैध हस्ताक्षर बनाकर पैतृक तथा बैनामासुदा जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम पर हस्तांतरित करा दिया।
जब वादी अपनी जमीन पर खेती करने के उद्देश्य से पहुंचा तो आरोपियों ने एकजुट होकर उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जमीन से जुड़े धोखाधड़ी और जालसाजी के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कमलेश प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रमेश जोशी तथा कांस्टेबल राजीव गौड़ थाना गीडा जनपद गोरखपुर शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 9 March 2026, 1:23 AM IST
Topics : accused arrested fraud Gorakhpur Gorakhpur News