हिंदी
गोरखपुर में दर्दनाक सड़क हादसा
Gorakhpur: रविवार की रात खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव में एक ऐसी दर्दनाक दुर्घटना हो गई कि पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। गोरखपुर-खजनी मुख्य मार्ग धुवहां ( छताई ) के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बुलेट मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि 28 वर्षीय साहब शर्मा मौके पर ही मौत हो गई। उसका सबसे करीबी दोस्त शनि सिंह अब अस्पताल के बेड पर जिंदगी-मौत की लड़ाई लड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर खजनी निवासी नौरत्न शर्मा के बेटे साहब शर्मा और बबलू सिंह के पुत्र शनि सिंह रात करीब 8 बजे बुलेट मोटरसाइकिल से गोरखपुर-खजनी मुख्य मार्ग पर आ रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को इतनी भीषण टक्कर मारी कि बाइक हवा में उछल गई। साहब शर्मा सड़क पर लुढ़ककर गिरा और तुरंत दम तोड़ दिया। शनि सिंह गंभीर घायल होकर बेसुध पड़ा रह गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पिता नौरत्न शर्मा सदमे में बेहोश हो गए। साहब गांव का लाडला था—पढ़ाई के साथ परिवार की मदद करता, हर किसी के चेहरे पर मुस्कान लाता। आज उसी के घर में मातम है। गांव के हर घर में आंखें नम हैं, बच्चे तक डर के मारे चुप हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान एक साइकिल सवार भी वाहन की चपेट में आ गया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। उसकी साइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने साहब को मृत घोषित कर दिया। शनि सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मौके से बुलेट मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वाहन की पहचान होते ही सख्त कार्रवाई होगी।
ग्रामीण का कहना है कि टोल बचाने के चक्कर में ट्रेलर-ट्रक इस मार्ग पर काल बनकर घूम रहे हैं। आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। उन्होंने मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगे, गति सीमा तय हो और रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
Location : गोरखपुर
Published : 8 March 2026, 11:44 PM IST
Topics : Gorakhpur motorcycle Road Accident vehicle hit