गाजियाबाद केस में सुप्रीम कोर्ट का फैसला: DGP गठित करेंगे SIT, जांच में आएगा नया मोड़?

गाजियाबाद में चार साल की मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे देश को हिला दिया है। इस गंभीर केस पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए यूपी के डीजीपी को SIT गठित करने का निर्देश दिया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 24 April 2026, 3:28 PM IST
google-preferred

Ghaziabad: गाजियाबाद में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस गंभीर मामले पर अब सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा आदेश जारी किया है। अदालत ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया है कि इस केस की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए।

SIT का गठन और जांच की जिम्मेदारी

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, इस SIT में तीन वरिष्ठ महिला अधिकारी शामिल होंगी। इसमें एक आईजी रैंक की अधिकारी, एक एसपी रैंक की अधिकारी और एक डीएसपी रैंक की अधिकारी होंगी। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यह टीम अगले ही दिन से मामले की जांच नए सिरे से शुरू करेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निष्पक्ष जांच और गवाहों की सुरक्षा पर जोर

अदालत ने पीड़िता के माता-पिता की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे मामले में निजी अस्पतालों की भूमिका की गहराई से जांच करने को भी कहा गया है। कोर्ट ने साफ किया कि जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जानी चाहिए।

रामअवतार जग्गी हत्याकांड: अमित जोगी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, उम्र कैद की सजा पर रोक

अस्पताल की भूमिका पर भी सवाल

सुनवाई के दौरान पीड़ित पक्ष के वकील ने अदालत को बताया कि बच्ची जब निजी अस्पताल ले जाई गई थी। तब वह जीवित थी। इस अहम पहलू को सुप्रीम कोर्ट ने विशेष रूप से ध्यान में लेने को कहा है। जिससे जांच की दिशा और भी गंभीर हो गई है।

पहले भी हो चुकी है सुनवाई

इससे पहले की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ और नंदग्राम थाना प्रभारी को भी तलब किया था और उनसे पूरे मामले पर जवाब मांगा था।

घटना का पूरा विवरण

यह दर्दनाक घटना 16 मार्च की है। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया और इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। अब इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित एसआईटी के हाथों में होगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  24 April 2026, 3:28 PM IST

Advertisement