हिंदी
खतौली कोतवाली क्षेत्र
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कोतवाली क्षेत्र में एक मामूली सड़क विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। नगर पालिका कर्मचारी और ई-रिक्शा चालक के बीच शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में हिंसक झगड़े में बदल गई। इस झगड़े में घायल हुए नगर पालिका कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक नगर पालिका कर्मचारी 32 वर्षीय चंकी गुरुवार को अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान नगर पालिका गेट के बाहर उसकी बाइक और ई-रिक्शा के बीच साइड लगने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। आरोप है कि दिव्यांग ई-रिक्शा चालक पिंकेश और उसके साथी अंकित ने गुस्से में कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान ई-रिक्शा चालक पिंकेश ने अपनी बैसाखी से नगर पालिका कर्मचारी के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि चंकी मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती इलाज के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया।
मुजफ्फरनगर में सड़क विवाद ने लिया यू-टर्न! पीड़ित पक्ष ने बताई पूरी सच्चाई, पढे़ं पूरी खबर
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
पुलिस ने घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू की। वहीं आरोपी पिंकेश और अंकित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। इसी बीच गुरुवार देर रात मेरठ के अस्पताल से दुखद खबर सामने आई। इलाज के दौरान नगर पालिका कर्मचारी चंकी की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कर्मचारी की मौत के बाद पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ दीं। पहले मामूली मारपीट के तहत दर्ज मामले को अब हत्या से संबंधित धाराओं में बदल दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पीड़ित से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते भी नहीं थे।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि घटना मामूली विवाद से शुरू हुई थी। पुलिस को सूचना मिलते ही घायल को इलाज के लिए भेजा गया और आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की इलाज के दौरान मौत होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए नई कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 24 April 2026, 3:40 PM IST