मैनपुरी में मिलावटखोरों पर सख्ती: त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, बाजार में मचा हड़कंप

होली के मद्देनजर मैनपुरी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कई दुकानों से मावा, रंगीन कचरी और खाद्य तेल के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 February 2026, 1:53 PM IST
google-preferred

Mainpuri: होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शहर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। त्योहारों के दौरान मिठाई, मावा, रंगीन खाद्य पदार्थों और तेल की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ व्यापारी मिलावटी सामान बेचने का प्रयास करते हैं। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए विभाग ने समय रहते कार्रवाई शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वेता सैनी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों और दुकानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गहन जांच की। टीम की अचानक कार्रवाई से कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

रंगीन कचरी, मावा और तेल के सैंपल भरे

छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से रंगीन कचरी, मावा और खाद्य तेल के सैंपल लिए। अधिकारियों ने बताया कि होली पर विशेष रूप से मावा और रंगीन खाद्य सामग्री की खपत बढ़ जाती है, ऐसे में इन वस्तुओं में मिलावट की संभावना अधिक रहती है। सभी सैंपलों को विधिवत सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है।

मैनपुरी में दबंगों का कहर, गरीब के नए मकान पर चला ट्रैक्टर-हैड्रा; जान से मारने की दी धमकी

रिलायंस स्मार्ट पॉइंट पर भी जांच

अभियान के तहत टीम ने रिलायंस स्मार्ट पॉइंट पर भी छापेमारी की कार्रवाई की। वहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और एक्सपायरी डेट की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को साफ-सफाई और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। टीम की मौजूदगी से आसपास के अन्य दुकानदार भी सतर्क हो गए।

उपभोक्ताओं की सेहत सर्वोपरि

खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वेता सैनी ने बताया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशी और उत्साह का प्रतीक होता है, लेकिन मिलावटी खाद्य पदार्थ लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की मिलावट या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Mainpuri News: एसटीएफ आगरा ने सामूहिक नकल का किया भंडाफोड़, 6 सॉल्वर गिरफ्तार

आगे भी जारी रहेगा अभियान

खाद्य विभाग के अनुसार होली तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के प्रमुख बाजारों, मिठाई की दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों पर नियमित रूप से जांच की जाएगी। विभाग का मानना है कि सख्ती से ही मिलावटखोरी पर लगाम लगाई जा सकती है। इस कार्रवाई से जहां मिलावटखोरों में खलबली मची हुई है, वहीं आम जनता ने विभाग की पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की कार्रवाई जरूरी है ताकि सभी सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से पर्व का आनंद उठा सकें।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 24 February 2026, 1:53 PM IST

Advertisement
Advertisement