हिंदी
मैनपुरी के बेवर स्थित महाराज सिंह इंटर कॉलेज में एसटीएफ आगरा ने सामूहिक नकल पकड़ी। डीआईओएस और एसडीएम की मौजूदगी में 6 सॉल्वर गिरफ्तार किए गए और सॉल्व कॉपियां बरामद हुईं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6 सॉल्वर गिरफ्तार
Mainpuri: एसटीएफ आगरा की टीम ने जनपद मैनपुरी में चल रहे सामूहिक नकल के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान छह सॉल्वर को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो सॉल्व कॉपियां भी बरामद की गईं। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पूरा मामला बेवर क्षेत्र स्थित महाराज सिंह इंटर कॉलेज से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षा के दौरान स्कूल में सामूहिक नकल कराए जाने की सूचना एसटीएफ को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ आगरा की टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर छापा मारा। बताया जा रहा है कि विद्यालय एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण मामले ने और भी तूल पकड़ लिया है।
मैनपुरी में दबंगों का कहर, गरीब के नए मकान पर चला ट्रैक्टर-हैड्रा; जान से मारने की दी धमकी
छापेमारी के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और उपजिलाधिकारी (SDM) भी मौके पर मौजूद रहे। स्कूल में स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के बावजूद नकल का खेल जारी था। जैसे ही एसटीएफ, डीआईओएस और एसडीएम की टीम स्कूल पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के दौरान नक़ल माफिया के पास से दो सॉल्व की हुई उत्तर पुस्तिकाएं बरामद की गईं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सॉल्वर पहले से प्रश्नपत्र हल कर रहे थे और उन्हें परीक्षार्थियों तक पहुंचाया जा रहा था।
घटना के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। परीक्षा केंद्र की मान्यता, स्टाफ की भूमिका और प्रशासनिक लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है। यदि विद्यालय प्रबंधन की संलिप्तता पाई जाती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीआईओएस ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।