हिंदी
फतेहपुर जिले के असोथर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान एक शातिर और कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर हत्या, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कुल 26 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
असोथर पुलिस की बड़ी कामयाबी
Fatehpur: जनपद के असोथर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना असोथर पुलिस द्वारा रात्रि करीब 1:45 बजे क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ और तलाशी में उसकी पहचान रामू सिंह उर्फ बिट्टी सिंह पुत्र स्वर्गीय चंद्रपाल सिंह, निवासी ग्राम कुसुंभी, थाना असोथर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल (यूपी 71 वाई 1239), एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना असोथर पर मुकदमा संख्या 19/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 370(4), 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
Raebareli Crime: शादी का वादा कर… पीड़िता ने बताया हैरान कर देने वाला सच
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त रामू सिंह उर्फ बिट्टी सिंह का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और गंभीर है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गुंडा नियंत्रण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 26 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी का एचएस नंबर 1799A है और वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
Sonbhadra News: सोनभद्र को मिलेगा 52 करोड़ की परियोजना का ये बड़ा तोहफा
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में जरौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकुश यादव, उपनिरीक्षक सूर्यनाथ, उपनिरीक्षक अंकित सिंह, मुख्य आरक्षी सुखबीर सिंह, आरक्षी निर्भय सिंह एवं महिला आरक्षी ममता कुशवाहा शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से अपराधियों में डर और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।