हिंदी
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर 52 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज बनेगा। सर्वे कार्य शुरू हो चुका है। आरओबी के निर्माण से स्टेट हाईवे पर लगने वाला जाम खत्म होगा और आवागमन आसान बनेगा।
क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण तय
Sonbhadra: जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। चोपन- चुनार रेलमार्ग पर स्थित रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आरओबी का निर्माण जल्द शुरू होगा। रेलवे विभाग ने इसकी तैयारी शुरू करते हुए सर्वे कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। वर्षों से जाम और बंद फाटक की समस्या से जूझ रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले चोपन- चुनार रेलमार्ग का विद्युतीकरण पूरा होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। मौजूदा समय में यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों को मिलाकर करीब 30 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। लगातार ट्रेनों के आवागमन के कारण रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग (गेट नंबर 37) अधिकतर समय बंद रहती है।
Sonbhadra News: खाली मकान बना खतरे का कारण, ओबरा में आग लगने से इलाके में मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ट्रेन गुजरने के बाद जैसे ही फाटक खुलने का इंतजार होता है, तभी दूसरी ट्रेन आ जाती है। इससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। व्यस्त समय में हालात और भी खराब हो जाते हैं। लगन और शादी-विवाह के मौसम में कई बार वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
इस जाम का सबसे बड़ा खामियाजा आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भुगतना पड़ता था। एंबुलेंस, दमकल और अन्य जरूरी सेवाएं भी फाटक बंद रहने के कारण जाम में फंस जाती थीं, जिससे कई बार गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इसी कारण लंबे समय से यहां रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठती रही है।
रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग को मिलेगी बड़ी राहत
रॉबर्ट्सगंज क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण को लेकर सांसद छोटेलाल खरवार ने अगस्त माह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अनुरोध किया था। इससे पहले भी कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों द्वारा इस मुद्दे को लगातार उठाया जाता रहा। अब रेलवे प्रशासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 52 करोड़ रुपये की धनराशि भी आवंटित कर दी है।
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रेलवे विभाग के सर्वेयर तनय मंडल ने बताया कि आरओबी निर्माण के लिए सर्वे कार्य कराया जा रहा है। ले-आउट बनकर तैयार हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की पूरी संभावना है।
गौरतलब है कि शासन ने दो साल पहले मिर्जापुर के कलवारी से घोरावल, रॉबर्ट्सगंज होते हुए खलियारी तक के मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित किया है। यह मार्ग बिहार को जोड़ने वाली जिले की प्रमुख सड़क है, जिस पर भारी वाहनों का दबाव बना रहता है। आरओबी बनने से इस स्टेट हाईवे पर यातायात सुगम होगा।